मध्य प्रदेशराज्यलोकल न्यूज़सतना

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग रोकने पर शख्‍स ने 10 साल के बच्‍चे को मारी गोली

शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग पर कानूनन सख्त मनाही के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित रिया मैरिज गार्डन का है,

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग रोकने पर शख्‍स ने 10 साल के बच्‍चे को मारी गोली

सतना। शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग पर कानूनन सख्त मनाही के बावजूद ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित रिया मैरिज गार्डन का है, जहां सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग रोकने पर सनकी आरोपी ने 10 वर्षीय मासूम बच्चे को गोली मार दी। घायल बच्चे को पहले जिला अस्पताल सतना में भर्ती कराया गया, जहां से  हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रिया मैरिज गार्डन के बाहर बारात का जश्न चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सागर पांडे और उसके कुछ साथी अवैध रूप से बंदूक से फायरिंग कर रहे थे। गोली चलने से भयभीत होकर 10 वर्षीय शिवम पाल, पिता नवेलू पाल, निवासी गौहानी, थाना रामनगर ने आरोपियों से फायरिंग बंद करने की विनती की। इस बात पर कहासुनी हो गई, जिसके बाद सनकी मिजाज आरोपी सागर पांडे ने बच्चे के पेट से सटाकर राइफल से गोली चला दी। गोली लगते ही बच्चा लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल शिवम को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि घायल शिवम दुल्हन का मौसेरा भाई है और वह अपने मामा राजवेंद्र पाल पिता बालभद्र पाल, निवासी बरहा पतेरियान, थाना गोविंदगढ़ (रीवा) के साथ शादी में शामिल होने सतना आया था। दुल्हन की शादी सतना के सिद्धार्थ नगर निवासी यादव परिवार में हुई थी। कोलगवां पुलिस ने आरोपी सागर पांडे एवं उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मैरिज गार्डन प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त किए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में प्रयुक्त राइफल लाइसेंसी थी या अवैध।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह बच्चे के पेट से सटाकर गोली चलाई गई, उससे आरोपी की मंशा साफ तौर पर हत्या की प्रतीत होती है। फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!