indoreमध्य प्रदेशराज्य

Indore News: शहर के 100 चौराहों पर लगेंगे नए स्मार्ट सिग्नल, अब नहीं लगेगा जाम

अब नहीं लगेगा जाम

Indore News:

शहर के 100 चौराहों पर लगेंगे नए स्मार्ट सिग्नल, अब नहीं लगेगा जाम

 शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए 100 चौराहों पर नए स्मार्ट सिग्नल लगाए जाएंगे। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

 

इंदौर शहर में निरंतर बढ़ते वाहन दबाव के चलते कई चौराहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। वर्तमान में शहर के 39 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं, लेकिन यह संख्या अब बढ़ाकर 100 की जाएगी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश दिए गए कि नए सिग्नलों की स्थापना के लिए शीघ्र टेंडर आमंत्रित किए जाएं। साथ ही, बार-बार खराब होने वाले पुराने सिग्नलों को हटाकर तकनीकी रूप से उन्नत सिग्नलों को स्थापित किया जाएगा। सभी सिग्नलों की टाइमिंग अब ट्रैफिक दबाव के आधार पर वैज्ञानिक तरीके से निर्धारित की जाएगी।

सौर ऊर्जा और बैटरी से मिल सकेगी वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति
बैठक में यह भी तय किया गया कि सिग्नल व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए सौर ऊर्जा या बैटरी बैकअप की वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इस कदम से ट्रैफिक की सुगमता, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। बैठक में ई-चालान की प्रभावशीलता, ट्रैफिक प्रबंधन और नियमों के सख्त पालन को लेकर भी कई निर्णय लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह, इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ आर.पी. अहिरवार, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बार-बार नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई, 29 वाहन होंगे जब्त
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह भी सामने आया कि दस से अधिक बार यातायात नियम तोड़ने वाले 29 वाहनों के पंजीयन परिवहन विभाग द्वारा निरस्त कर दिए गए हैं। इन वाहनों को अब जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक और परिवहन विभाग मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम देंगे। आगामी समय में पांच बार से अधिक यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों के पंजीयन भी निरस्त किए जाएंगे। वहीं, कलेक्टर ने ई-चालान वसूली व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत आगामी कुछ चौराहों पर ई-चालान वसूली को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा और सफल रहने पर इसे पूरे शहर में फैलाया जाएगा।

अवैध बस स्टैंड और अन्य निर्णयों पर भी होगी सख्त कार्यवाही
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में अवैध रूप से संचालित बस स्टैंडों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सड़क किनारे अवैध रूप से यात्रियों को बैठाने वाली बसों पर रोक लगाई जाएगी और उन्हें वैकल्पिक निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही, बिना अनुमति बनाए गए स्पीड ब्रेकरों के निर्माण पर संबंधित एजेंसी के इंजीनियर पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जवानों की उपस्थिति अनिवार्य की जाएगी। चिन्हित ‘ब्लैक स्पॉट्स’ और लेफ्ट टर्न सुधार कार्य को तत्काल प्रभाव से प्रारंभ किया जाएगा। नगर निगम व स्मार्ट सिटी परियोजना द्वारा यातायात व्यवस्था में तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!