#damohमध्य प्रदेशराज्य

Damoh Weather: बारिश का कहर, ब्यारमा में आई बाढ़ से कई रास्ते बंद, यहां पुल बहा; दमोह, सागर-जबलपुर मार्ग बंद

यहां पुल बहा; दमोह, सागर-जबलपुर मार्ग बंद

Damoh Weather: बारिश का कहर, ब्यारमा में आई बाढ़ से कई रास्ते बंद, यहां पुल बहा; दमोह, सागर-जबलपुर मार्ग बंद

दमोह जिले के ग्रामीण अंचल इस समय बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। ब्यारमा नदी के उफान पर आने के कारण कई गांव जलमग्न हो गए हैं और कई पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। तेंदूखेड़ा ब्लॉक के ज्ञापन गांव का पुल ब्यारमा नदी में आई बाढ़ में बह गया, जिससे दमोह-सागर और सागर-जबलपुर मार्ग बंद हो गया है।
इसके अतिरिक्त, कई स्थानों पर पुलों के ऊपर पानी होने के कारण वाहन फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लगातार बारिश और बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सुधीर कोचर ने तेंदूखेड़ा ब्लॉक और दमोह शहर के ग्रामीण अंचलों में स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश दिए हैं।

दमोह-पन्ना मार्ग पर यातायात बंद
दमोह-हटा-गैसाबाद-सिमरिया-पन्ना स्टेट हाईवे पर स्थित ब्यारमा नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित करने का अनुरोध किया गया है। छोटे वाहनों के लिए हटा-मडियादो-वर्धा-जैतपुर-सिमरिया मार्ग, हटा-रनेह-बंधा-माढवा-मोहन्द्रा-सिमरिया मार्ग और हटा-हिनौता-कचनारी-दादपुर-वर्धा-जैतपुर-सिमरिया मार्ग से आवागमन होगा। भारी वाहनों के लिए हटा-पटेरा-कुंडलपुर-कोटा-मोहन्द्रा-सिमरिया मार्ग से यातायात की अनुमति दी गई है।

सागर-जबलपुर मार्ग पूरी तरह बंद
तेंदूखेड़ा में सबसे ज्यादा बाढ़ के हालात हैं। ज्ञापन गांव में ब्यारमा नदी पर बना पुल मंगलवार रात बह गया, जिससे केवल पिलर दिखाई दे रहे हैं। इसके चलते दमोह-सागर और सागर-जबलपुर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

179 लोगों को किया रेस्क्यू
बाढ़ के कारण तेंदूखेड़ा क्षेत्र के दर्जनों गांव जलमग्न हो गए, और लोग अपने घरों में फंस गए। एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमों ने 179 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला। कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि देवरी जमादार पंचायत के मुहार गांव में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें रेस्क्यू टीम ने पंचायत भवन में ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इसके बाद अमखिरिया गांव से भी लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीएम आरएल बागरी, तहसीलदार रॉबिन जैन, जिला कमांडेंट हर्ष जैन और प्लाटून कमांडर प्राची दुबे शामिल रहे।

यह मार्ग भी हैं बंद
लगातार बारिश होने के चलते हिनौती पुल पर पानी आने से तेंदूखेड़ा रहली मार्ग बंद, इमलिया खर्राघाट बंद, बांदकपुर अभाना जुझार मार्ग बंद, कुम्हारी बर्रट पटेरा मार्ग बंद, गैसाबाद सिमरिया मार्ग बंद, और भी छोटे-छोटे नाले पर पानी होने के कारण बंद रखे गए हैं।.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!