क्राइमजबलपुरटॉप न्यूज़मध्य प्रदेशराज्य

नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, कृषि विश्वविद्यालय का बाबू और चपरासी गिरफ्तार

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, कृषि विश्वविद्यालय का बाबू और चपरासी गिरफ्तार

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

विश्वविद्यालय में पदस्थ एक बाबू (यूडीसी) और एक चपरासी ने युवती को नौकरी का झांसा देकर विश्वविद्यालय परिसर में बुलाया और बंद कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर आधारताल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के अनुसार युवती को करीब 20 दिन पहले सोशल मीडिया के माध्यम से जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में संविदा आधार पर नौकरी निकलने की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलने के बाद युवती ने विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर संपर्क नंबर तलाशा, जहां उसे कुलगुरु कार्यालय का टेलीफोन नंबर मिला।

जब युवती ने इस नंबर पर कॉल किया तो फोन यूडीसी दुर्गाशंकर सिंगरहा (58) ने उठाया। युवती द्वारा नौकरी की जानकारी पूछने पर आरोपी ने वैकेंसी होने की बात कहते हुए सभी दस्तावेज लेकर विश्वविद्यालय आने को कहा। अगले दिन युवती अपने दस्तावेज लेकर विश्वविद्यालय पहुंची, जहां उसकी मुलाकात दुर्गाशंकर से हुई। उसने आवेदन और दस्तावेज जमा कराते हुए भरोसा दिलाया कि वह कुलगुरु से बात कर उसकी नौकरी लगवा सकता है।

इसके बाद एक-दो बार दोनों की शहर में भी मुलाकात हुई। हर बार आरोपी युवती को यही कहता रहा कि नौकरी की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इंटरव्यू होगा। पीड़िता के अनुसार 25 दिसंबर की दोपहर दुर्गाशंकर ने फोन कर उसे विश्वविद्यालय बुलाया और कहा कि इंटरव्यू की बात लगभग तय हो गई है।

इसके बाद आरोपी ने युवती को चपरासी मुकेश सेन के घर बुलाया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बातचीत के बाद मुकेश सेन बाहर निकल गया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को घर बुलाया गया और फिर बंद कमरे में उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।

घटना के बाद दोनों आरोपी युवती को विश्वविद्यालय परिसर से बाहर लेकर आए और उसे धमकी दी कि यदि वह चुप रही तो नौकरी लग जाएगी, अन्यथा उसकी बदनामी कर दी जाएगी। गुरुवार रात किसी तरह युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद शुक्रवार को आधारताल थाना पहुंचकर उसने बाबू और चपरासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। एएसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि नौकरी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया गया है। मुख्य आरोपी दुर्गाशंकर सिंगरहा है, जबकि चपरासी मुकेश सेन ने उसका सहयोग किया। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!