Mauganj News: पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से हमला, दो घायल, एक की हालत गंभीर; मारपीट का वीडियो वायरल
एक की हालत गंभीर; मारपीट का वीडियो वायरल

Mauganj News:
पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से हमला, दो घायल, एक की हालत गंभीर; मारपीट का वीडियो वायरल
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मगढ़ गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव का माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रभु कोल नामक व्यक्ति पर गांव के ही दिनेश, कमलेश और वंश बहादुर साकेत ने मिलकर अचानक हमला कर दिया। तीनों ने लाठी-डंडों से प्रभु कोल की बेरहमी से पिटाई की। घटना को देखकर बीच-बचाव करने आए सुरेश यादव को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उसकी भी जमकर पिटाई कर दी।
हैरत की बात यह रही कि मारपीट की यह पूरी घटना किसी ने मोबाइल में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तीनों आरोपी बेखौफ होकर हमला कर रहे हैं और कोई भी उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं कर पा रहा।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं, आरोपी दिनेश, कमलेश और वंश बहादुर घटना के बाद से फरार हैं। स्थानीय पुलिस ने प्रभु कोल और सुरेश यादव की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि ब्रह्मगढ़ और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।




